बरेली, 13 मार्च (हि.स.) । जिले के सिरौली थाना क्षेत्र के गुरवा गांव में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध अफीम की खेती का भंडाफोड़ किया है। संयुक्त टीम ने खेत में उगाई गई अफीम की खड़ी फसल और उससे बनने वाले अवैध उत्पाद बरामद किए हैं। बरामद सामग्री की अनुमानित कीमत करीब दो करोड़ रुपये बताई जा रही है। मामले में दो आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है, जबकि दोनों मौके से फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार एएनटीएफ थाना सहारनपुर और एएनटीएफ यूनिट बरेली की संयुक्त टीम को सूचना मिली थी कि गुरवा गांव में मृत महिला के नाम पर जारी लाइसेंस का दुरुपयोग कर अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही है। बताया गया कि लाइसेंसधारक कृष्णा देवी की मृत्यु के बाद भी उसके नाम पर अफीम की खेती कर उससे बनने वाले उत्पादों का अवैध रूप से व्यपवर्तन कर लाभ कमाया जा रहा था।
सूचना के आधार पर एएनटीएफ की टीम ने गुरुवार को गुरवा गांव में छापेमारी की। जांच के दौरान राजेश्वर उर्फ राजू के खेत में अफीम की खड़ी फसल और उससे बनने वाले अवैध उत्पाद पाए गए। टीम ने मौके पर फसल को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही आरोपित मौके से फरार हो गए। इस मामले में सिरौली थाने में छत्रपाल पुत्र देशराज और राजेश्वर उर्फ राजू पुत्र दामोदर, निवासी गुरवा गांव के खिलाफ धारा 318 बीएनएस और एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18(ए)/25/26 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
एएनटीएफ के उपनिरीक्षक रवि कुमार ने शुक्रवार काे बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। बरामद अफीम की फसल और उससे जुड़े उत्पादों की कीमत करीब दो करोड़ रुपये आंकी गई है। फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार
