
रांची, 03 अप्रैल (हि.स.)। राजधानी के मोरहाबादी मैदान में चल रहे 17 वें इंडिया इंटरनेशनल मेगा ट्रेड फेयर में शुक्रवार को खरीदारी अपने चरम पर नजर आई। जैसे-जैसे सप्ताहांत करीब आ रहा है, मेले में लोगों की भीड़ तेजी से बढ़ रही है। ट्रेड फेयर में दोपहर से ही लोगों का आना शुरू हो गया, जबकि शाम ढलते ही पूरा मैदान खरीदारों से भर गया।

वहीं शाम को हुई हल्की बारिश के बाद भी लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ और रात तक लोग खरीदारी करते नजर आए।
शनिवार और रविवार को देखते हुए फेयर को रात्रि 11 बजे तक खुला रहेगा। ट्रेड फेयर में 12 देशों और 15 राज्यों के उत्पादों की प्रदर्शनी लगायी गयी है। फेयर में हैंडीक्राफ्ट आईटम, वुडन फर्नीचर, हैंडलूम, इलैक्ट्रिक आईटम, रोटी बनाने, आटा गूंथने की मशीन, क्रॉकरी आईटम, कटलरी, किचन, वेयर, खादी के कपडे, गिफ्ट आईटम की जमकर खरीदारी हो रही है।
बिक रही राजस्थानी आचार और पापड़ की अलग-अलग वैरायटी
राजस्थानी आचार और पापड़ की अलग-अलग वैरायटी लोगों को खूब पसंद आ रही है। वहीं चिप्स, जलेबी चिप्स और रागी पापड़ भी खरीदारों को आकर्षित कर रहे हैं। गुजराती नमकीन की भी अच्छी मांग देखी जा रही है, जिसकी कीमत 400 रुपये प्रति किलो से शुरू है और इसमें कई वैरायटी उपलब्ध है। इसके अलावा फेयर में पलाश मार्ट के स्टॉल पर स्थानीय उत्पादों की बिक्री भी हो रही है। यहां शहद, आचार, आटा और ज्वार आटा जैसे उत्पाद लोग खरीद रहे हैं। वहीं ट्राइबल हैंडीक्राफ्ट के स्टॉल पर जनजातीय कला और संस्कृति से जुड़े कई आकर्षक उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं, जो लोगों को खूब भा रहे हैं। ट्रेड फेयर में डॉ लाल बड़गिया एक्युप्रेशर संस्थान की ओर से एक निशुल्क शिविर लगाया गया।
किड्स कार्निवल’ का आयोजन 04 को
मेगा ट्रेड फेयर में बच्चों के लिए खास किड्स कार्निवल का आयोजन 04 अप्रैल को किया जाएगा। इसमें बच्चों के लिए कई रोचक गतिविधियां और मनोरंजन के साधन उपलब्ध रहेंगे।
विभिन्न आर्ट और क्राफ्ट गतिविधियाें का आयोजन
मौके पर युवा कनेक्ट सब कमेटी के चेयरमैन अमित अग्रवाल और एग्जीक्यूटिव मेंबर पूजा ढाढा ने कहा कि झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के तत्वावधान में आयोजित इस कार्निवल में बच्चों की रचनात्मकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न आर्ट और क्राफ्ट गतिविधियां रखी गई हैं। इनमें बुकमार्क बनाना, की-रिंग्स, स्टोन आर्ट, ब्लॉक पेंटिंग, कॉफी पेंटिंग, पेंसिल डेकोरेशन, क्ले आर्ट, कुल्हड़/दिया पेंटिंग और पाउच डेकोरेशन जैसी कई गतिविधियां शामिल हैं।
चेंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि इंटरनेशनल और देशभर से आए स्टॉल्स के कारण रांची के लोगों को एक ही स्थान पर विविधता का अनुभव मिल रहा है। चेंबर का प्रयास है कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से व्यापार को बढ़ावा मिले और शहर की आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिले।
ट्रेड फेयर में जस्टिस आनंद सेन, वरिष्ठ पत्रकार अंकित शुक्ला और संजय मिश्रा पहुंचे।
इस अवसर पर चेंबर के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, महासचिव रोहित अग्रवाल, उपसचिव नवजोत अलंग, कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल, कार्यकारिणी सदस्य मुकेश अग्रवाल, शशांक भारद्वाज, शैलेश अग्रवाल सहित अन्य मौजूद थे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak
