कटिहार, 22 जनवरी (हि.स.)। बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, पटना के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कटिहार द्वारा ‘मेडिएशन फॉर द नेशन’ अभियान के तहत व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान 01 जुलाई से 30 सितंबर तक देश भर में मनाए जाने वाले मेडिएशन फॉर द नेशन (90 दिन) कार्यक्रम का हिस्सा है।

इस अभियान के तहत व्यवहार न्यायालय कटिहार में 02 जनवरी से 31 मार्च तक न्यायिक प्रचार-प्रसार के लिए जिला एवं सत्र न्यायाधीश, जिला न्यायालय परिसर, कटिहार और अन्य प्रमुख स्थलों पर होर्डिंग और प्रचार सामग्री के माध्यम से आमजनों को जागरूक किया जा रहा है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव ने बताया कि यह अभियान आम लोगों को वैकल्पिक विवाद निस्तारण प्रणाली से जोड़ने और न्याय तक आसान पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से इस अभियान का लाभ उठाने की अपील की है।
मध्यस्थता के माध्यम से विवादों के त्वरित, सरल और सौहार्दपूर्ण समाधान के लाभों की जानकारी दी जा रही है, जिससे समय और धन दोनों की बचत होती है। आम नागरिकों को बताया जा रहा है कि न्यायालयीन मुकदमों के अतिरिक्त मध्यस्थता एक प्रभावी विकल्प है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह
