लोहरदगा, 29 जनवरी (हि.स.)।


झारखंड अधिविद्य परिषद, रांची की ओर से आयोजित होनेवाले वार्षिक माध्यमिक परीक्षा-2026 और इंटरमीडिएट (कला, विज्ञान एवं वाणिज्य) परीक्षा-2026 के आयोजन की तैयारियों को लेकर गुरुवार को उपायुक्त डॉ ताराचंद की अध्यक्षता में बैठक समाहरणालय सभाकक्ष में हुई।
बैठक में उपायुक्त ने सभी संबंधित दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और केंद्राधीक्षकों को कदाचारमुक्त परीक्षा आयोजित करने का निर्देेश दिया।
उन्होंने कहा कि इसमें किसी भी स्तर से लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उपायुक्त ने कहा कि परीक्षार्थियों की सुविधा का पूरा ध्यान रखा जाए। परीक्षा केंद्र में प्रवेश करते समय परीक्षार्थियों की ओर से मोबाईल या अन्य कोई इलेक्ट्रॉनिक गैजेट रखने की जांच करें। परीक्षा के पूर्व छूटे हुए परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी इंस्टॉल कराने और उसके फुटेज सुरक्षित रखने का भी उन्होंाने निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा को लेकर जो भी पदाधिकारी या केंद्राधीक्षक दिशा-निर्देशों का पालन करने में लापरवाही बरतेंगे उन पर कड़ी कार्रवाई होगी।
उपायुक्त ने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों के पीने के पानी, शौचालय, बिजली कटने पर वैकल्पिक व्यवस्था करने को कहा। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्र पर जरूरी रिपोर्टिंग को छोड़ अन्य कार्य के लिए मोबाईल का प्रयोग न करें। परीक्षा केंद्र के भीतर परीक्षा से संबंधित दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, केंद्राधीक्षक और परीक्षा के लिए प्रतिनियुक्त कर्मियों को छोड़ अन्य बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर पूरी तरह मनाही रहेगी।
उल्लेखनीय है कि माध्यमिक और इंटरमीडिएट की परीक्षा तीन फरवरी से शुरू होगी। वहीं माध्यमिक की परीक्षा 17 फरवरी को समाप्त होगी। माध्यमिक की परीक्षा के लिए जिले में आठ परीक्षा केंद्र निर्धारित किये गये हैं जिसमें 7063 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
वहीं इंटरमीडिएट की परीक्षा के लिए 14 परीक्षा केंद्र निर्धारित किये गये हैं जिसमें 4397 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गोपी कृष्ण कुँवर
