
धर्मशाला, 09 फ़रवरी (हि.स.)। भारतीय विश्वविद्यालय संघ और हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में धर्मशाला के खेल मैदान पर अखिल भारतीय इंटर जोनल महिला कबड्डी प्रतियोगिता’ का शानदार आगाज हुआ। चार दिनों तक चलने वाले इस खेल उत्सव का उद्घाटन पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और कुलपति प्रो. सत प्रकाश बंसल ने दीप प्रज्वलन और मशाल जलाकर किया। इस अवसर पर कांगड़ा के सांसद राजीव भारद्वाज और स्थानीय विधायकों सहित खेल जगत की दिग्गज हस्तियां मौजूद रहीं।

लक्ष्य और जुनून से मिलती है मंजिल

समारोह के मुख्य अतिथि जयराम ठाकुर ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए सफलता का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि यदि व्यक्ति एक लक्ष्य निर्धारित कर ले और उसे पाने के लिए निरंतर प्रयास करे, तो सफलता निश्चित है। उन्होंने खेल भावना पर जोर देते हुए कहा कि हार से घबराना नहीं चाहिए, क्योंकि असफलता ही संघर्ष का मार्ग प्रशस्त करती है। जयराम ठाकुर ने 2047 तक ‘विकसित भारत’ के निर्माण में युवाओं की ऊर्जा और खेल के महत्व को भी साझा किया।
महिला सशक्तिकरण का प्रतीक बनी प्रतियोगिता
कुलपति प्रो. सत प्रकाश बंसल ने इस आयोजन को विश्वविद्यालय के लिए गौरव का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय विश्वविद्यालय को छठी बार इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिला है। यह प्रतियोगिता केवल अंकों और पदकों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह महिला सशक्तिकरण की एक नई इबारत लिख रही है। उन्होंने हिमाचल की उन बेटियों का भी जिक्र किया जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन किया है और जिनकी सराहना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ में की थी।
सितारों की मौजूदगी ने भरा उत्साह
उद्घाटन समारोह में खेल जगत के चमकते सितारों ने हिस्सा लेकर युवा खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। अर्जुन अवॉर्डी और भारतीय पुरुष कबड्डी टीम के कप्तान दीपक हुड्डा ने अपने संघर्ष की कहानी सुनाकर युवाओं को प्रेरित किया। वहीं, 2025 वर्ल्ड कप चैंपियन चंपा ठाकुर, पूर्व कप्तान पूजा ठाकुर और बैडमिंटन खिलाड़ी ललिता शर्मा ने भी अपने अनुभवों से बेटियों में जोश भरा। इस दौरान विश्वविद्यालय के खेल न्यूज़ लेटर और वार्षिक कैलेंडर का विमोचन भी किया गया।
देशभर की 15 टीमों के बीच होगी टक्कर
इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में उत्तर, दक्षिण, पूर्व और पश्चिम जोन की श्रेष्ठ 15 विश्वविद्यालय टीमें हिस्सा ले रही हैं। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ विश्वविद्यालय, लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी और पेरियार विश्वविद्यालय सलेम जैसी दिग्गज टीमों की 224 महिला खिलाड़ी धर्मशाला की वादियों में अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगी। जनप्रतिनिधियों ने इस दौरान धर्मशाला को एक बड़े ‘स्पोर्ट्स हब’ के रूप में विकसित करने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया
