सीवान, 22 फरवरी (हि.स.)।मैरवा प्रखंड अंतर्गत संचालित छह निजी अस्पतालों एवं जांच केंद्रों को अवैध रूप से संचालित पाए जाने पर जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए सील कर दिया। जिला पदाधिकारी, सीवान के आदेश के आलोक में अनुमंडल पदाधिकारी सदर आशुतोष गुप्ता के नेतृत्व में प्रतिनियुक्त टीम ने साई हॉस्पिटल, माँ मंजू हॉस्पिटल, जीवन ज्योति हॉस्पिटल, माँ शारदा हॉस्पिटल, बिहार जांच घर एवं श्री राधे डायग्नोस्टिक सेंटर को तत्काल प्रभाव से बंद कराया।

बिना पंजीकरण चल रहे थे संस्थान

जांच के दौरान पाया गया कि संबंधित प्रतिष्ठान बिना विधिवत निबंधन के संचालित हो रहे थे। ये संस्थान क्लिनिकल स्थापना (पंजीकरण एवं विनियमन) अधिनियम, 2010 की धारा 11, 37, 38 आदि का स्पष्ट उल्लंघन कर रहे थे। साथ ही बिहार क्लिनिकल स्थापना (पंजीकरण एवं विनियमन) नियमावली, 2013 में निर्धारित प्रक्रियाओं का भी पालन नहीं किया जा रहा था।
न्यूनतम मानकों की अनदेखी
प्रशासनिक टीम ने पाया कि क्लिनिकल स्थापना (केंद्रीय सरकार) नियम, 2012 एवं क्लिनिकल स्थापना (केंद्रीय सरकार) संशोधन नियम, 2018 के अंतर्गत निर्धारित न्यूनतम सुविधाओं एवं सेवाओं के मानकों का अनुपालन नहीं किया जा रहा था। कई स्थानों पर अयोग्य कर्मियों द्वारा मरीजों का उपचार किया जा रहा था।
गंभीर अनियमितताएं उजागर
निरीक्षण के दौरान आवश्यक जीवन रक्षक उपकरणों का अभाव, जैव-चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन में अव्यवस्था तथा अग्नि सुरक्षा मानकों का उल्लंघन जैसी गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मरीजों की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि अवैध रूप से संचालित स्वास्थ्य संस्थानों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma
