
महोबा, 26 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के महोबा जनपद मुख्यालय में गुरुवार तड़के एक शादी समाराेह में खाना

बनाकर लौट रहीं चार महिलाओं को लोडर पिकअप ने राैंद दिया। दुर्घटना में तीन की मौत हो गई, जबकि एक की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने वाहन काे पकड़ लिया और चालक की तलाश कर रही है।

सदर कोतवाली के मोहल्ला भटीपुरा निवासी श्यामरानी (45) शादी समारोहों में खाना बनाने का काम करती थी। बुधवार की रात वह सहयोगी महिलाएं तुलसा (65) निवासी भटीपुरा, गीता (35) निवासी डाकबंगला व भगवती (50) निवासी कल्याण सागर के साथ महोबा-छतरपुर रोड किनारे स्थित मीना पैलेस में शादी समारोह में खाना बनाने गई थी। गुरुवार को तड़के चारों पैदल अपने घर लौट रही थीं। एआरटीओ ऑफिस के पास एक तेज रफ्तार लोडर पिकअप ने पैदल चल रहीं चारों महिलाओं को रौंद दिया। राहगीरों व पुलिस की मदद से सभी को जिला अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां श्यामरानी को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि गीता और भगवती की उपचार दौरान मौत हो गई। एक अन्य घायल को मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया।
अपर एसपी वंदना सिंह ने बताया कि इस दुर्घटना में तीन महिलाओं की मौत हुई जबकि एक घायल है। हादसे को अंजाम देने वाले वाहन को पकड़ लिया गया है और चालक को भी ट्रेस कर लिया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी
