यमुनानगर, 27 फ़रवरी (हि.स.)। यमुनानगर शहर की फ्रेंड्स कॉलोनी में गली के बीच खड़ी कार हटाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि कुछ लोगों ने मिलकर एक व्यक्ति, उसके रिश्तेदार और नाबालिग बेटे पर लोहे की रॉड व धारदार हथियारों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची महिला के साथ भी मारपीट किए जाने की शिकायत सामने आई है। घटना में घायल सभी लोगों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी ईश कुमार ने शुक्रवार काे बताया कि वह स्कूल बैग से संबंधित कार्य करता है। देर रात वह अपने रिश्तेदार के साथ वाहन में घर लौट रहा था। गली में पहुंचने पर रास्ते के बीच एक कार खड़ी मिली, जिससे आवागमन बाधित हो रहा था। वाहन मालिक को आवाज देकर गाड़ी हटाने के लिए कहा गया, लेकिन कुछ समय बाद बाहर आए व्यक्ति ने कथित तौर पर अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। शिकायतकर्ता के अनुसार कहासुनी के बाद हाथापाई हो गई। इसी दौरान आरोपी पक्ष के युवक ने अपने परिचितों को मौके पर बुला लिया। थोड़ी देर में कई युवक वहां पहुंच गए और कथित तौर पर लोहे की रॉड व अन्य हथियारों से हमला कर दिया।

आरोप है कि हमलावरों ने ईश कुमार, उनके रिश्तेदार और बेटे को निशाना बनाते हुए गंभीर चोटें पहुंचाईं। हमले में सिर और हाथों पर चोटें आईं। बीच-बचाव करने आई पत्नी के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है। शोर सुनकर आसपास के लोग एकत्र होने लगे तो बाहर से आए युवक मोटरसाइकिलों पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। इसके बाद घायलों को सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। गांधी नगर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार
