यमुनानगर, 27 फ़रवरी (हि.स.)। यमुनानगर में ऑनलाइन ग्रॉसरी सेवा के एक डिलीवरी कर्मी के साथ कथित तौर पर बंधक बनाकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि मामूली सड़क हादसे के बाद कार चालक युवक को बहाने से सुनसान स्थान पर ले गया, जहां उसके साथियों ने मिलकर बेरहमी से हमला किया। पीड़ित हरविंद्र कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने हाल ही में डिलीवरी का कार्य शुरू किया था। गुरुवार शाम ऑर्डर पहुंचाने के दौरान उसकी बाइक एक लग्जरी कार से टकरा गई।

घटना के तुरंत बाद उसने मौके पर ही माफी मांग ली, लेकिन चालक ने वाहन मालिक से मिलकर बात करने का दबाव बनाया और उसे साथ चलने को कहा। आरोप है कि चालक उसे बातचीत के बहाने कार में बैठाकर शहर के एक एकांत परिसर में ले गया। वहां पहुंचते ही गेट बंद कर दिया गया और कुछ ही देर में चार-पांच अन्य युवक भी वहां आ गए। पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने उसे जमीन पर गिराकर डंडों और लात-घूंसों से पीटा, जिससे उसके पैरों और शरीर पर गंभीर चोटें आईं।

मारपीट के दौरान हमलावरों ने कथित तौर पर शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने पुलिस में प्रभाव होने की बात कहकर डराने की कोशिश भी की। घटना के बाद उसे कार में बैठाकर घर के पास छोड़ दिया गया और किसी से घटना का जिक्र न करने की चेतावनी दी गई। घटना से आहत डिलीवरी कर्मी सीधे कंपनी कार्यालय पहुंचा और साथियों को पूरी जानकारी दी। इसके बाद देर रात वह सहयोगियों के साथ थाना सेक्टर-17 पहुंचा और लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। थाना सेक्टर-17 के जांच अधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो चुकी है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि तथ्यों की पुष्टि के बाद संबंधित धाराओं के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार
