यमुनानगर, 05 अप्रैल (हि.स.)। यमुनानगर पुलिस की एंटी व्हीकल थेफ्ट सेल की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिल और एक स्कूटी बरामद की है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। सेल प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि उन्हें विश्वसनीय सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति चोरी के वाहन के साथ क्षेत्र से गुजरते हुए उत्तर प्रदेश की ओर जा सकता है।

सूचना के आधार पर एक टीम गठित कर संभावित मार्ग पर नाकाबंदी की गई और संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की गई। जांच के दौरान एक युवक मोटरसाइकिल पर आता दिखाई दिया, जिसे रोककर कागजात की जांच की गई। दस्तावेजों में असंगति पाए जाने पर जब उससे सख्ती से पूछताछ की गई तो वाहन चोरी का मामला सामने आया। आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने उक्त मोटरसाइकिल कुछ दिन पूर्व बस स्टैंड के पास से चुराई थी। आरोपी की पहचान यमुनानगर के गांव सुढैल निवासी प्रवेश कुमार के रूप में हुई।
आगे की पूछताछ में उसने एक अन्य मोटरसाइकिल और एक एक्टिवा चोरी करने की बात कबूल की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने दोनों वाहन भी बरामद कर लिए। ये वाहन अलग-अलग तिथियों में शहर के विभिन्न स्थानों से चोरी किए गए थे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी पहले भी चोरी के मामलों में संलिप्त रहा है और उसके खिलाफ पूर्व में दर्ज मामले न्यायालय में विचाराधीन हैं। इस गिरफ्तारी से क्षेत्र में हुई कई वाहन चोरी की घटनाओं के खुलासे में मदद मिली है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार
