यमुनानगर, 11 मार्च (हि.स.)। जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारियों का आंकलन करने के उद्देश्य से रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) और जिला पुलिस ने संयुक्त अभ्यास किया। इस दौरान सुरक्षा बलों ने संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च कर स्थिति का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित किया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरएएफ की ए/194 बटालियन की टीम नो मार्च को पुलिस लाइन जगाधरी पहुंची थी। कमांडेंट किशोर कुमार के निर्देशन और सहायक कमांडेंट सतीश कुमार के नेतृत्व में यह दल 9 से 12 मार्च तक जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में परिचित अभ्यास कर रहा है, ताकि जवानों को स्थानीय परिस्थितियों और भौगोलिक स्थिति की जानकारी मिल सके।

इसी क्रम में बुधवार को आरएएफ और जिला पुलिस के जवानों ने थाना व्यासपुर क्षेत्र के कस्बा, मुख्य बाजार, शिव चौक, अनाज मंडी और पुराना अड्डा सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर संयुक्त फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान सुरक्षा बलों ने महत्वपूर्ण स्थानों व संवेदनशील इलाकों का निरीक्षण किया तथा पूर्व में हुई घटनाओं की जानकारी भी एकत्र की।
अभ्यास के दौरान पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों, व्यापारियों और समाजसेवियों से मुलाकात कर सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। इसका उद्देश्य आमजन और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना बताया गया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि ऐसे संयुक्त अभ्यास पुलिस बल की तैयारियों को मजबूत करने के साथ-साथ विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने में सहायक होते हैं। साथ ही पावर हाउस, डैम और अन्य महत्वपूर्ण सरकारी प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष दिशा-निर्देश दिए गए।
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार
