यमुनानगर, 07 फ़रवरी (हि.स.)।यमुनानगर में शनिवार देर रात हुई दो अलग-अलग फायरिंग की घटनाओं से शहर के कई इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें तुरंत सक्रिय हुईं और दोनों स्थानों को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच शुरू कर दी गई। पुलिस के अनुसार पहली घटना जगाधरी रोड पर स्थित एक निजी मल्टी-स्पेशलिटी अस्पताल के बाहर हुई, जहां युवकों ने अचानक फायरिंग की। इसके कुछ समय बाद ही शहर के व्यस्त क्षेत्र में स्थित सिटी मॉल के बाहर भी गोली चलने की सूचना मिली। दोनों घटनाओं की प्रकृति समान होने के कारण पुलिस इन वारदातों को आपस में जोड़कर जांच कर रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावर दोपहिया वाहन पर सवार होकर आए थे और गोलियां चलाने के बाद मौके से फरार हो गए। राहत की बात यह रही कि इन घटनाओं में किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन देर रात सार्वजनिक स्थानों पर हुई गोलीबारी ने आमजन की सुरक्षा को लेकर चिंता जरूर बढ़ा दी है।

पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। संदिग्धों की पहचान और उनकी गतिविधियों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
एहतियातन शहर के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कर दिया गया है। अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ रात की गश्त भी बढ़ा दी गई है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार
