यमुनानगर, 01 अप्रैल (हि.स.)। यमुनानगर जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त अभियान शुरू किया है। इसी कड़ी में छछरौली उपमंडल क्षेत्र में विशेष जांच के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से नौ घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। उपमंडल अधिकारी रोहित कुमार ने बताया कि उपायुक्त के निर्देशानुसार घरेलू गैस की आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने और उसके दुरुपयोग को रोकने के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है। ये टीमें लगातार बाजारों और व्यावसायिक स्थलों पर निरीक्षण कर रही हैं। उन्होंने बताया कि जांच अभियान के दौरान प्रतापनगर क्षेत्र में दुकानों से पांच घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। इसी तरह गांव चुहड़पुर कलां में मिठाई की दुकानों से चार सिलेंडर कब्जे में लिए गए। निरीक्षण के दौरान ढाबों, होटलों, रेहड़ी संचालकों और अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठानों में गैस सिलेंडरों के उपयोग की बारीकी से जांच की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग केवल घरेलू कार्यों के लिए निर्धारित है, जबकि व्यावसायिक गतिविधियों के लिए अलग श्रेणी के सिलेंडर निर्धारित किए गए हैं। नियमों का उल्लंघन न केवल अवैध है, बल्कि इससे सुरक्षा संबंधी खतरे भी उत्पन्न हो सकते हैं। निरीक्षण के दौरान प्रतापनगर स्थित एक गैस एजेंसी के स्टॉक की भी जांच की गई, ताकि वितरण प्रणाली में किसी प्रकार की अनियमितता न हो। प्रशासन ने सभी व्यापारियों को निर्देश दिए हैं कि वे निर्धारित मानकों के अनुसार ही गैस सिलेंडरों का उपयोग करें। साथ ही चेतावनी दी गई है कि भविष्य में उल्लंघन पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार
