हजारीबाग, 06 मार्च (हि.स.)। जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र में गुरुवार की देर रात आपसी रंजिश के चलते हुई घटना में दो लोगों की मौत हो गई।

इस दौरान घर के किनारे खड़ी दो गाड़ियों में आग लगा दी गई। इस वारदात में कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बड़कागांव थाना क्षेत्र के नापो खुर्द गांव में देर रात कुछ अज्ञात अपराधी स्कॉर्पियो से पहुंचे और रोहित साव पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
घटना में गंभीर रूप से घायल रोहित साव की मौके पर ही मौत हो गई। हमला करने के बाद अपराधी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से भागने लगे। इस दौरान उनकी गाड़ी की चपेट में प्रदीप कुमार साव नामक एक अन्य व्यक्ति आ गया। इससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। गाड़ी की टक्कर से महेंद्र साव, सागर कुमार और राजू साव सहित कई अन्य लोग भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए हजारीबाग और रांची के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जिस स्कॉर्पियो से अपराधी भाग रहे थे, उस पर पुलिस का बोर्ड लगा हुआ था। हालांकि, घटना के बाद पुलिस ने उस बोर्ड को हटा दिया। भागने के दौरान अपराधियों की स्कॉर्पियो एक बिजली के खंभे से टकराकर अनियंत्रित हो गई और पास के एक घर के पास जाकर पलट गई। इसके बावजूद अपराधी मौके से फरार होने में कामयाब रहे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भागते वक्त अपराधियों ने गांव में खड़ी दो गाड़ियों में आग लगा दी। स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक रोहित साव का नाम कोयला कारोबार से जुड़ा था। इस कारण इस घटना को आपसी रंजिश का परिणाम माना जा रहा है।
पुलिस फिलहाल मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही बड़कागांव एसडीपीओ पवन कुमार और थाना प्रभारी कृष्ण गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। थाना प्रभारी कृष्ण गुप्ता ने बताया कि पूरे मामले की जांच जारी है और जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह घटना गुटीय संघर्ष है या आपसी रंजिश का परिणाम या दुर्घटना है। उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। इधर, अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने बड़कागांव चौक पर सड़क जाम कर दिया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार
