शिमला, 10 फ़रवरी (हि.स.)। राजधानी शिमला में एक युवक के फंदा लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। युवक की पहचान लोअर सांगटी शिमला के रहने वाले शोभित के रूपम में हुई है। युवक की उम्र 29 वर्ष बताई जा रही है। आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस को घटना स्थल से सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह युवक प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। रविवार को यह परिवार के लोगों को बिना बताए घर से कहीं चला गया था।

इसके बाद सोमवार को युवक के परिजनों ने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखवाई थी। थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस इसकी तलाश कर रही थी। मंगलवार सुबह सांगटी के युवक का शव पेड़ से लटका हुआ पाया गया।
आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। युवक के शव का पोस्टमार्टम कर उसे परिजनों के हवाले कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस को पोस्टमार्टम की रिपोर्ट का इंतजार है। इस रिपोर्ट के बाद इस मामले में और खुलासा हो सकता है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा
