रामगढ़, 09 फ़रवरी (हि.स.)। शहर के एक युवक को चार अलग-अलग लोगों ने मिलकर ठगी कर ली। किसी ने बिजनेस के नाम पर, तो किसी ने इलाज के नाम पर उधार लेकर, तो किसी ने फाइनेंस कंपनी में इन्वेस्टमेंट के नाम पर ठगी की। इस मामले में शशि भूषण प्रसाद की ओर से रामगढ़ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई, तो पूरा माजरा भी जांच में स्पष्ट हो गया। रामगढ़ पुलिस ने जब जांच शुरू किया तो पता चला कि शशि भूषण प्रसाद के पिता रामदेव महतो कोइरी टोला के रहने वाले हैं। सीसीएल से रिटायर होने के बाद उन्हें मोटी रकम मिली थी। युवक को बहला फुसलाकर आसपास के लोगों ने ही उसे लगभग 16.50 लाख रुपये ठग लिए।

जांच में शशि भूषण प्रसाद ने पुलिस को बताया कि साहू कॉलोनी का रहने वाला मुकेश नायक बिजनेस के नाम पर उससे 10 लाख रुपये कर्ज के रूप में लिए थे। यह रकम चेक के माध्यम से और नगदी निकाल कर शशि भूषण ने उसे दिया था। इसके बाद नई सराय के रहने वाले राकेश कुमार ने इलाज के नाम पर एक लाख रुपये शशि भूषण से लिया था। वहीं रामगढ़ ब्लॉक ऑफिस के पास के रहने वाले राजेश परस रामपुरिया ने 5 लाख रुपये ठग लिया।
जमशेदपुर अशोक नगर में कार्यरत बालाजी फाइनेंस कंपनी में जब चार लाख रुपये लोन के लिए शशि भूषण ने आवेदन दिया तो उसी कंपनी में कार्यरत आरती शर्मा नामक महिला ने भी 50 हजार रुपये उससे ठग लिए।
शशि भूषण ने पुलिस को बताया कि मुकेश नायक और राजेश परस रामपुरिया ने पैसे उधार लेने के बाद उसे वापस लौटाने के लिए चेक भी दिया था। मुकेश नायक ने आठ लाख और दाे लाख के दो चेक दिए थे। वह दोनों चेक बाउंस हो गए, क्योंकि उनके खाते में पैसे ही नहीं थे। राजेश परस रामपुरिया ने भी एक लाख का चेक दिया था। वह भी खाते में पैसे नहीं होने की वजह से बाउंस हो गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश
