कानपुर, 10 फरवरी (हि.स.)। खादी केवल वस्त्र नहीं, बल्कि एक विचार है। प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाएं युवाओं, महिलाओं एवं बेरोजगारों को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने का कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की परिकल्पना है कि प्रदेश में कोई भी व्यक्ति बेरोजगार न रहे तथा युवा एवं महिलाएं उद्यम स्थापित कर रोजगार देने वाले बनें। जिससे ग्रामीण क्षेत्रों से पलायन रुके और रोजगार सृजन को बढ़ावा मिले।

यह बातें मंगलवार को केबिनेट मंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार राकेश सचान ने कही। उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड, कानपुर नगर द्वारा मण्डल स्तरीय खादी एवं ग्रामोद्योग प्रदर्शनी का शुभारम्भ बृजेन्द्र स्वरूप पार्क में किया गया। यह 10 दिवसीय प्रदर्शनी 18 फरवरी तक आयोजित की जाएगी। प्रदर्शनी में खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड, जिला उद्योग केन्द्र एवं स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों के विक्रय एवं प्रदर्शन हेतु खादी, ग्रामोद्योग एवं माटीकला से सम्बंधित कुल 105 स्टॉल लगाए गए हैं।

उप्र सरकार की मंशानुरूप खादी एवं ग्रामोद्योग इकाइयों के व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से मण्डल स्तर पर प्रतिवर्ष इस प्रकार की लघु प्रदर्शनियों का आयोजन किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्थापित इकाइयों के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराया जा सके।
मंत्री द्वारा पॉपकॉर्न मशीन, दोना-पत्तल मशीन एवं विद्युत चलित चाक प्राप्त करने वाले लाभार्थियों से परिश्रमपूर्वक कार्य कर स्वावलम्बी बनने का आह्वान किया गया। बताया गया कि शीघ्र ही युवाओं के लिए नई योजनाएं प्रारम्भ की जाएंगी, जिससे बेरोजगारी की समस्या का समाधान हो सके।
मंत्री ने प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए नारे “खादी फॉर फैशन, खादी फॉर नेशन” का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा गठित उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड के अंतर्गत पारम्परिक कारीगरों द्वारा निर्मित मिट्टी के उत्पाद पर्यावरण के अनुकूल हैं। उन्होंने नगर की जनता से अपील की कि खादी वस्त्रों के साथ-साथ ग्रामोद्योग एवं माटीकला के उत्पादों की अधिकाधिक खरीद करें, जिससे दूर-दराज से आए उद्यमियों की आजीविका में वृद्धि हो सके।
इस वर्ष आयोजित मण्डल स्तरीय खादी एवं ग्रामोद्योग प्रदर्शनी में उत्तर प्रदेश के अतिरिक्त कश्मीर, उत्तराखण्ड, राजस्थान, मध्य प्रदेश एवं आंध्र प्रदेश सहित कई राज्यों के उद्यमियों ने अपने स्टॉल लगाकर सहभागिता की है। कार्यक्रम के दौरान गणेश वंदना एवं नृत्य की प्रस्तुति दी गई, जिसका निर्देशन प्रदीप श्रीवास्तव (ग़ज़ल गायक) के नेतृत्व में किया गया, जिसे दर्शकों ने सराहा।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप
