अबू धाबी, 28 मार्च (हि.स.)। संयुक्त अरब अमीरात के रक्षा मंत्रालय ने शनिवार को जानकारी दी कि देश की वायु रक्षा प्रणाली ने 20 बैलिस्टिक मिसाइलों और 37 ड्रोन को सफलतापूर्वक इंटरसेप्ट किया। मंत्रालय के अनुसार, ये हमले ईरान की ओर से जारी आक्रामक कार्रवाई का हिस्सा बताए जा रहे हैं।

रक्षा मंत्रालय ने बताया कि मौजूदा तनाव की शुरुआत से अब तक यूएई ने कुल 398 बैलिस्टिक मिसाइल, 15 क्रूज मिसाइल और 1,872 ड्रोन को नष्ट या विफल किया है। इन लगातार हमलों के कारण देश में अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें तीन सैन्यकर्मी भी शामिल हैं।
राजधानी अबू धाबी में एक मिसाइल को इंटरसेप्ट किए जाने के दौरान उसके मलबे के गिरने से छह लोग घायल हो गए। घायलों को तुरंत चिकित्सा सहायता दी गई और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
रक्षा मंत्रालय ने कहा कि देश की वायु रक्षा प्रणाली पूरी तरह सतर्क है और किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए तैयार है। साथ ही, नागरिकों से सतर्क रहने और सुरक्षा एजेंसियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच यूएई की यह कार्रवाई सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और संभावित खतरों को टालने के प्रयास के रूप में देखी जा रही है।
———————
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय
