पूर्वी सिंहभूम, 29 जनवरी (हि.स.)। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने गुरुवार को यूजीसी विनियम पर सर्वोच्च न्यायालय की रोक को स्वागत योग्य कदम बताया है।

सोशल मीडिया साइट एक्स पर सरयू राय ने लिखा कि इस मामले में सर्वोच्च न्यायालय की टिप्पणी, पूर्व में व्यक्त उनकी प्रतिक्रिया को सही साबित करती है। राय के अनुसार शिक्षण संस्थाओं में समता संवर्धन के लिए अग्रसोची व्यावहारिक दृष्टिकोण अपनाना होगा।

उल्लेखनीय है कि विगत दिनों राय ने सोशल मीडिया साइट्स पर टिप्पणी करते हुए लिखा था कि उच्च शिक्षा में समानता का संवर्द्धन करने के नाम पर यूजीसी की ओर से हाल में जारी विनियमन नख-दंत विहीन है और अनावश्यक भ्रम फैलानेवाला है। उन्होंने लिखा था कि विनियम के प्रस्तावना और उद्देश्य के साथ इसके प्रावधानों का तालमेल नहीं है। इसलिए बेहतर होगा कि यूजीसी इसे वापस ले ले।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक
