अमृतसर, 04 अप्रैल (हि.स.)।

उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री बलदेव सिंह औलख ने आज
अपने परिवार सहित श्रीहरमंदिर साहिब में माथा टेका। दर्शन के बाद वे शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटीके कार्यालय पहुंचे,
जहां उन्हें एसजीपीसी के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी द्वारा सम्मानित किया गया।
इस
अवसर पर हरजिंदर सिंह धामी ने कहा कि बलदेव सिंह औलख गुरु घर के प्रति गहरी आस्था
और सम्मान रखते हैं। उन्होंने बताया कि श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी की 350वीं शहीदी शताब्दी को समर्पित असम के
गुरुद्वारा दोबड़ी साहिब से निकले नगर कीर्तन के उत्तर प्रदेश पहुंचने पर औलख के
नेतृत्व में सरकार ने भव्य स्वागत किया था।
धामी ने कहा कि नगर कीर्तन के दौरान
औलख और उनके परिवार ने पूरे समर्पण के साथ सेवा निभाई, जो सराहनीय है। धामी
ने भविष्य में भी इसी तरह सहयोग की उम्मीद जताई। वहीं बलदेव सिंह औलख ने एसजीपीसी
द्वारा दिए गए सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि श्री हरिमंदिर
साहिब पूरी मानवता के लिए आस्था का केंद्र है और यहां आकर वे स्वयं को सौभाग्यशाली
महसूस करते हैं। इस मौके पर एसजीपीसी के कई पदाधिकारी और
बलदेव सिंह औलख के परिवार के सदस्य भी उपस्थित रहे।
—
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH
