धनबाद, 09 मार्च (हि.स.)। धनबाद थाना क्षेत्र के बरटांड़ के समीप मीट हाउस में बीते 27 फरवरी को रंगदारी को लेकर संचालक से जमकर मारपीट की गई थी। जिसमे दुकान संचालक गम्भीर रूप से घायल हो गया था, जिसे इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया था। वहीं मारपीट का पूरा घटनाक्रम वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी।

घटना के बाद पीड़ित दुकानदार मंगल सिंह के बयान पर धनबाद थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। इस मामले में पुलिस ने कुल पांच लोगों को आरोपी बनाया है, जिनमें से एक आरोपित को पहले ही जेल भेजा जा चुका है।
वहीं, मारपीट के उक्त घटना का मुख्य आरोपित रौशन सिंह की गिरफ्तारी के लिये पुलिस छापेमारी कर रही थी। रौशन सिंह आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। गिरफ्तारी के बाद सोमवार की शाम पुलिस ने रोशन सिंह की सरेआम परेड कराई। पुलिस ने उसे सिटी सेंटर से मधुलिका होटल तक पैदल घुमाया।
धनबाद थाना प्रभारी मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि इस कार्रवाई का उद्देश्य यह संदेश देना है कि कोई भी अपराधी अपराध कर के बच नहीं सकता। उन्होंने कहा कि मामले में शामिल अन्य आरोपितों की भी तलाश जारी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार झा
