धर्मशाला, 04 मार्च (हि.स.)। रंगों के उत्सव होली के पावन अवसर पर बुधवार को कांगड़ा जिला में खूब गुलाल उड़ रहा है। लोग सुबह से होली के रंग में पूरी तरह से रंगे हुए हैं। जगह जगह लोग एक दूसरे को रंग लगाकर होली मना रहे हैं। रंगों के इस पर्व को लेकर खासकर बच्चों में खासा उत्साह है। हर वर्ग के लोग होली के रंगों में सराबोर हैं। लोग नाच गाकर होली का पर्व मना रहे हैं। कांगड़ा जिला के मुख्यालय धर्मशाला में भी लोग होली के रंग में डूबे हुए हैं। पर्यटन नगरी मैक्लोडगंज में न सिर्फ स्थानीय लोग बल्कि तिब्बती समुदाय के लोगों सहित विदेशी भी रंगों के पर्व में झूम रहे हैं।

उधर शाहपुर में विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने रैत स्थित अपने आवास पर शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों, महिला कांग्रेस, कांग्रेस के विभिन्न संगठनों तथा अपने परिवार के साथ होली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया।

इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रंगोत्सव का यह पावन पर्व होली सभी के जीवन में नई ऊर्जा, उत्साह और सकारात्मकता लेकर आए।
उन्होंने कहा कि समाज में आपसी सहयोग, स्नेह और भाईचारा यूं ही बना रहे तथा शाहपुर वासियों के लिए यह होली का पर्व सदैव मंगलमय और सुखद रहे। शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से आए लोगों ने उन्हें गुलाल लगाकर होली की बधाई दी, वहीं उन्होंने बड़े बुजुर्गों का आशीर्वाद भी लिया।
होली के इस रंगारंग आयोजन में पारंपरिक गीत-संगीत और आपसी मिलन ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया।
इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी डॉ. सुनंदा पठानिया, पूर्व जिला परिषद सदस्य एवं ब्लॉक महिला कांग्रेस प्रधान नीना ठाकुर सहित क्षेत्र के अन्य गणमान्य नागरिक एवं परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया
