जौनपुर,19 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के दुधौरा चौराहे पर गुरुवार सुबह पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला किया गया। बदमाशों ने पहले तमंचे से युवक पर फायरिंग की, लेकिन गोली मिस हो गई। इसके बाद हमलावरों ने तमंचे की मुठिया से सिर पर वार कर युवक को गंभीर रूप से घायल कर फरार हो गए।

समोदीपुर गांव निवासी लक्ष्मी शंकर यादव (45) पुत्र उमापति यादव आज सुबह करीब 10 बजे दुधौरा चौराहे पर खड़े थे। तभी वहां दो हमलावर पहुंचे और लक्ष्मी शंकर यादव पर अचानक फायरिंग कर दी। संयोगवश गोली नहीं चली, जिसके बाद आरोपितों ने पास जाकर तमंचे की मुठिया से उनके सिर पर ताबड़तोड़ प्रहार किया। हमले में वह लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़े। इस दौरान उनके साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति ने किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
घायल अवस्था में लक्ष्मी शंकर यादव को परिजनों ने तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है और इलाज जारी है।परिजनों का आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते प्रमोद यादव और उसके साथियों ने इस घटना को अंजाम दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।
इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक शहर आयुश श्रीवास्तव ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची थी और पूरे मामले की छानबीन की। उन्होंने बताया कि आरोपितों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।———-
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव
