नई दिल्ली, 29 जनवरी (हि.स.)। रणजी ट्रॉफी के सातवें दौर के मुकाबलों से पहले गुरुवार को चंडीगढ़ और मुंबई में खिलाड़ियों व अधिकारियों ने एक मिनट का मौन रखकर पूर्व बीसीसीआई अध्यक्ष आईएस बिंद्रा और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार को श्रद्धांजलि अर्पित की।

पूर्व बीसीसीआई अध्यक्ष और पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (पीसीए) के पूर्व अध्यक्ष इंदरजीत सिंह बिंद्रा का रविवार को नई दिल्ली में 84 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। मोहाली स्थित आईएस बिंद्रा क्रिकेट स्टेडियम में पंजाब और कर्नाटक के बीच खेले गए एलीट ग्रुप-बी मुकाबले से पहले दोनों टीमों के खिलाड़ियों और मैच अधिकारियों ने एक मिनट का मौन रखा।

बीसीसीआई ने गुरुवार को अपने घरेलू क्रिकेट से जुड़े ‘एक्स’ अकाउंट पर कहा, “रणजी ट्रॉफी में पंजाब और कर्नाटक के बीच मुकाबले से पहले पूर्व बीसीसीआई अध्यक्ष श्री इंदरजीत सिंह बिंद्रा के निधन पर एक मिनट का मौन रखा गया।”
उधर, मुंबई के बीकेसी ग्राउंड पर मुंबई और दिल्ली के बीच एलीट ग्रुप-डी मुकाबले से पहले महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार को श्रद्धांजलि दी गई। खिलाड़ियों और मैच अधिकारियों ने एक मिनट का मौन रखा और दोनों टीमों के खिलाड़ी काली पट्टी बांधकर मैदान में उतरे।
मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अजिंक्य नाइक ने अपने ‘एक्स’ अकाउंट पर लिखा, “मुंबई और दिल्ली के बीच रणजी ट्रॉफी मैच से पहले उपमुख्यमंत्री स्वर्गीय अजित दादा पवार को श्रद्धांजलि देने के लिए एक मिनट का मौन रखा गया, ताकि उनकी स्मृति और योगदान का सम्मान किया जा सके।”
इन भावुक पलों के साथ दोनों स्थानों पर मुकाबलों की शुरुआत हुई, जहां क्रिकेट जगत ने अपने दो प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों को सम्मानपूर्वक याद किया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे
