रांची, 10 फरवरी (हि.स.)। राजधानी रांची के कचहरी चौक के पास मंगलवार तड़के करीब तीन बजे मारपीट की घटना के बाद पुलिस और आरोपितों के बीच हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला।

नगर पुलिस अधीक्षक (सिटी एसपी) पारस राणा ने इस बाबत बताया कि दो युवकों ने किन्नरों के साथ मारपीट की, जिसमें एक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है।

एसपी ने बताया कि दोनों आरोपितों ने पहले किन्नरों के साथ मारपीट की और फिर बोलेरो वाहन से उन्हें कुचलने की कोशिश की। विरोध करने पर वहां मौजूद लोगों के साथ भी हाथापाई की गई। घटना के बाद आरोपित वाहन लेकर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने पीछा किया, इस दौरान आरोपितों ने पुलिस वाहन को भी टक्कर मारने का प्रयास किया।
एसपी के अनुसार, मांडर थाना क्षेत्र के बरकी गांव की ओर भागते समय पुलिस ने नाकेबंदी कर बोलेरो (नंबर जेएच 01एफडी-5302) को रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपितों ने वाहन तेज गति से चलाते हुए पुलिसकर्मियों को भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश की, जिसमें एक होमगार्ड जवान भी घायल हो गया।
स्थिति को नियंत्रित करने और आत्मरक्षा में पुलिस की ओर से फायरिंग की गई, जिसमें एक गोली वाहन की आगे की सीट पर बैठे व्यक्ति को लगी। बाद में घायल को अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान गुरफान अंसारी (30 ) और इस्तियाक अंसारी (25 ), निवासी नगड़ी थाना क्षेत्र रांची के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, इस्तियाक अंसारी के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।—————
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे
