


रांची, 26 जनवरी (हि.स.)। राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार द्वारा तिरंगा फहराए जाने के बाद निकाली गई रंग-बिरंगी और संदेशपूर्ण झांकियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।

इस वर्ष कुल 12 विभागों की ओर से झांकियां प्रस्तुत की गईं, जिनमें पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, कृषि, पर्यटन और तकनीकी शिक्षा जैसे विषयों की झलक देखने को मिली।
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही, जिसमें झारखंड के 25 वर्षों के विकास सफर को जीवंत रूप में दर्शाया गया। इसमें राज्य की खनिज संपदा, औद्योगिक विकास, परिवहन, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं, बाल विकास और आधारभूत संरचना को कलात्मक ढंग से प्रस्तुत किया गया।
भगवान बिरसा मुंडा और दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रतिमाएं इस झांकी का मुख्य आकर्षण रहीं।
झांकियों के साथ जनजातीय वाद्ययंत्र ढोल, नगाड़ा और मांदर की धुनों पर पारंपरिक नृत्य ने माहौल को उत्सवमय बना दिया।
पर्यटन, ग्रामीण विकास, गृह-कारा-आपदा प्रबंधन और कला-संस्कृति विभाग की झांकियों में झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और प्रमुख पर्यटन स्थलों को प्रदर्शित किया गया। इनमें मलूटी मंदिर, पलामू किला और जामा मस्जिद की झलक भी शामिल रही। साथ ही साइबर अपराध के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया गया।
इन विभागों की झांकियां रहीं शामिल:
-वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग-ग्रामीण विकास विभाग-गृह, कारा व आपदा प्रबंधन विभाग-स्कूली शिक्षा व साक्षरता विभाग-कृषि, पशुपालन व सहकारिता विभाग-सूचना एवं जनसंपर्क विभाग-पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद व युवा कार्य विभाग-स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा व परिवार कल्याण विभाग-खादी ग्रामोद्योग बोर्ड-परिवहन विभाग-महिला, बाल विकास व सामाजिक सुरक्षा विभाग-उच्च तकनीकी शिक्षा विभाग
गणतंत्र दिवस समारोह में प्रस्तुत इन झांकियों ने राज्य के विकास, संस्कृति और जनकल्याण योजनाओं का जीवंत चित्रण कर उपस्थित जनसमूह को आकर्षित किया।————-
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे
