रांची, 14 मार्च (हि.स.)। राजधानी रांची में श्री हनुमान मंडल की ओर से 48वां वार्षिक महोत्सव 29 मार्च (रविवार) को आयोजित किया जाएगा। यह महोत्सव रातू रोड स्थित श्री राणी सती मंदिर परिसर के हनुमान बक्शा पोद्दार सत्संग भवन में संपन्न होगा।

महोत्सव के अवसर पर श्रद्धालुओं द्वारा सामूहिक सुंदरकांड पाठ किया जाएगा। इसके साथ ही कार्यक्रम में नयनाभिराम झांकियों का प्रदर्शन, भव्य संकीर्तन और बजरंगबली को महाप्रसाद के साथ छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा।
हनुमान मंडल के श्रवण अग्रवाल ने शनिवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इस कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महोत्सव में कई प्रख्यात भजन गायक अपनी मधुर प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर करेंगे।
कार्यक्रम में नई दिल्ली की प्रसिद्ध भजन गायिका भावना स्वरांजली और उत्तर प्रदेश के बरेली के भजन गायक डीके राजा विशेष रूप से भजनों की प्रस्तुति देंगे। वहीं रांची के प्रसिद्ध सुंदरकांड वाचक सुरेश बजाज द्वारा सुंदरकांड का पाठ किया जाएगा।
मंडल की ओर से श्रद्धालुओं से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर हनुमान जी का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की गई है। महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है और आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।————-
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak
