रांची, 27 जनवरी (हि.स.)। रेलवे पुलिस बल (आरपीएफ) ने ऑपरेशन सतर्क के तहत रांची रेलवे स्टेशन और उसके आसपास के परिसरों में सघन चेकिंग अभियान चलाते हुए एक व्यक्ति को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वह किसी बड़े शराब तस्कर गिरोह का सदस्य तो नहीं है।

आरपीएफ के अनुसार, प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर संदिग्ध व्यवहार करते हुए एक व्यक्ति देखा गया। वह भूरा रंग का ट्रॉली बैग लेकर खड़ा था। पूछताछ में उसने अपना नाम रवि बताया और बताया कि वह आंध्र प्रदेश के वारंगल का निवासी है।

बैग की तलाशी लेने पर कुल 15,900 रुपये की अवैध शराब बरामद हुई। आरोपित के पास शराब ले जाने का कोई वैध लाइसेंस या परमिट नहीं था।इसके बाद सहायक उप निरीक्षक अनिल कुमार ने शराब को मौके पर ही विधिवत जब्त किया। आरोपित को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग को सौंपा गया है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक कमल दास, सहायक उप निरीक्षक अनिल कुमार, आर.के. सिंह, दिनेश प्रसाद और हेमंत सहित अन्य आरपीएफ कर्मी शामिल थे।———
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे
