रामगढ़, 10 मार्च (हि.स.)। राजधानी रांची से 07 साल पहले चोरी हुई एक बाइक रामगढ़ पुलिस ने बरामद किया है। पुलिस ने चोरी की बाइक के साथ आरोपित को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस को यह सफलता एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान मिली। पूरे मामले की जानकारी देते हुए रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे ने बताया कि बाइक रांची जिले के डोरंडा थाना क्षेत्र से वर्ष 2019 में चोरी हुई थी। चोर उस बाइक को फर्जी नंबर प्लेट के सहारे बड़े आराम से चला रहा था। उस बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट संख्या जेएच 01 डीई 6820 अंकित था, जबकि, गाड़ी का सही रजिस्ट्रेशन संख्या जेएच 01 डीए 8994 था।

रामगढ़ थाना में पदस्थापित एएसआई चंद्रशेखर पिंगवा रामगढ़-पतरातु मार्ग स्थित बंजारी मंदिर के पास एंटी क्राइम चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान होंडा ड्रीम युगा बाइक सवार एक युवक को रोका गया। जब उससे रजिस्ट्रेशन पेपर की मांग की गई तो गाड़ी का ऑनर बुक प्रस्तुत किया। इसका रजिस्ट्रेशन संख्या जेएच 01 डीई 6820 अंकित था। संदेह होने पर गहराई से पूछताछ में उसने अपना नाम पतरातू थाना क्षेत्र के पाली निवासी सज्जाद अंसारी बताया। ऑनर बुक के अनुसार गाड़ी मालिक का नाम कुछ और ही था जब उससे गाड़ी मलिक का नाम ट्रांसफर करने की बात पूछी गई तो उसने कोई साफ जवाब नहीं दिया।
मामले में पुलिस अपने स्तर से सत्यापन किया तो पता चला कि उक्त चेचिस नंबर पर पकड़ी गई बाइक रजिस्ट्रेशन संख्या जेएच 01 डीए 8994 है। इसका रजिस्ट्रेशन में ऑनर मो असलम, कांके रोड, भीतहा, रांची है। उक्त बाइक 2019 में डोरंडा थाना क्षेत्र से चोरी हुई थी। इसे लेकर डोरंडा थाना मामला दर्ज किया गया था। पकड़े गए युवक से जब इस संबंध में पूछताछ की गई तो कुछ भी संतोषजनक जवाब नहीं दिया।
पकड़ा गया युवक सज्जाद अंसारी पर रामगढ़ पुलिस ने चोरी की बाइक से धोखाधड़ी करने, गलत नंबर प्लेट लगाने, चोरी की बाइक अपने पास रखने एवं उसे अपना बताने और ऑनर बुक में छेड़छाड़ कर डुप्लीकेट ऑनर बुक बनाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने रामगढ़ थाने में मामला दर्ज कर मंगलवार को उसे जेल भेज दिया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश
