सहरसा, 27 फ़रवरी (हि.स.)। राजकीय पॉलिटेक्निक में विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, बिहार सरकार के तत्वावधान में मेन्टल हेल्थ एवरनेस एंड मेन्टल वेल बीयिग विषय पर एक महत्वपूर्ण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन संस्थान के सेमिनार हॉल में किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें सकारात्मक एवं संतुलित जीवन के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम का आयोजन ब्रह्म कुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा नई उम्मीद ए बेटर टुमोरो थीम के अंतर्गत किया गया।कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में बी के स्नेहा बहन एवं बी के तरूण उपस्थित रहे। उन्होंने छात्र-छात्राओं को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व, तनाव प्रबंधन, सकारात्मक सोच, ध्यान (मेडिटेशन) तथा आत्मविश्वास बढ़ाने के विभिन्न उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मानसिक रूप से स्वस्थ व्यक्ति ही जीवन में सही निर्णय लेने, चुनौतियों का सामना करने और सफलता प्राप्त करने में सक्षम होता है। उन्होंने राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से मन को शांत एवं एकाग्र रखने की विधि भी बताई।

इस अवसर पर संस्थान के प्राचार्य प्रो. मिथुन कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी एवं तनावपूर्ण वातावरण में मानसिक स्वास्थ्य का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम छात्र-छात्राओं को मानसिक रूप से सशक्त बनाने, आत्मविश्वास बढ़ाने तथा जीवन में सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने में अत्यंत सहायक होते हैं। इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. मिथुन कुमार द्वारा दोनों मुख्य वक्ताओं को बुके एवं शॉल प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए आभार व्यक्त किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार
