राजगढ़, 25 जनवरी (हि.स.)। जीआरपी थाना ब्यावरा टीम ने मुखबिर की सूचना पर ट्रेन से यात्रियों के गहने चोरी करने के मामले में फरार अंतर्राज्यीय गिरोह के दो सदस्यों को हिरासत में लिया और उनके कब्जे से तीन लाख 60 हजार रुपए कीमती गहने बरामद किए।

थाना प्रभारी गोपाल सिंह कनासिया ने रविवार को जानकारी देते हुए बताया कि 19 मई 2025 को फरियादी ने शिकायत की, बीना-नागदा पैसेंजर में राघोगढ़ से उज्जैन जा रहे थे तभी अज्ञात बदमाश बैग से 17.70 लाख रुपए कीमती सोने-चांदी के गहने चोरी कर ले गए। पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ धारा 305(सी) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया। विवेचना के दौरान पुलिस अधीक्षक रेल इंदौर पद्मविलाेचन शुक्ल के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ज्योति शर्मा के मार्गदर्शन में गठित टीम ने तकनीकी सहायता व मुखबिर की सूचना पर बिजनौर उत्तरप्रदेश में दबिश देकर इदरिस (23)पुत्र मोफीद सरीफ अहमद और फरमान (25)पुत्र सद्दीक अहमद निवासी निवासी तिबड़ी थाना धामपुर को हिरासत में लिया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से तीन लाख 60 हजार रुपए कीमती सोने-चांदी के गहने बरामद किए। पूछताछ पर आरोपितों ने बताया कि ट्रेन के जनरल कोच में यात्री बनकर सफर करते और भीड़ का फायदा लेकर बैग की चेन काटकर वारदात को अंजाम देते थे। कार्रवाई के दौरान थाना प्रभारी गोपाल सिंह कनासिया, प्रआर.रविन्द्र परते, मनोज चैधरी, आर.सतेन्द्र, रविन्द्र शाक्य, जितेन्द्र यादव, साइबर सेल प्रआर.इंदरसिंह मौजूद रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक
