राजगढ़,14 अप्रैल(हि.स.)। राजगढ़ जिले के जीरापुर थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम ग्राम झाड़मऊ जोड़ के पास दो तेज रफ्तार कारों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। दुर्घटना में कुल छह लोग घायल हुए, जिनमें पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार एक कार जीरापुर से रसूलपुरा की ओर जा रही थी, जबकि दूसरी कार सोयतकलां की तरफ से आ रही थी।तेज रफ्तार के चलते दोनों वाहन आमने- सामने भिड़ गए। हादसे में सोयतकलां निवासी दुर्गेश दामड़िया और अनिल दामड़िया गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं दूसरी कार में सवार रसूलपुरा निवासी पवन पालीवाल (40), ललिताबाई (50), बाबूलाल (60) और धुआंखेड़ी बमोरी निवासी गोकुल भी घायल हुए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस की सहायता से सभी घायलों को जीरापुर अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक
