राजगढ़, 16 अप्रैल(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में ब्यावरा-सिरोंज राजमार्ग पर सुठालिया बसस्टैंड के पास गुरुवार देर शाम एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने पैदल जा रहे लोगों को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि 10 वर्षीय अरविंद की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार पिकअप वाहन क्रमांक एमपी 39 जी 4370 सुठालिया बसस्टैंड के समीप तेज गति से आते हुए अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे पैदल जा रहे लोगों को कुचल दिया। हादसे में भागमल (65) पुत्र डालू बंजारा निवासी झिरी, राहुल (18) पुत्र दौलतराम बंजारा निवासी देहरीखेड़ा, पवन (13) पुत्र प्रभूलाल बंजारा, मोहनलाल पुत्र रुगनाथ बंजारा निवासी बेड़ावे गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं 10 वर्षीय अरविंद पुत्र मोहनलाल बंजारा की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सभी लोग सुठालिया बाजार से खरीदारी करके लौट रहे थे और बस की तलाश में बसस्टैंड की ओर जा रहे थे, तभी पिकअप ने उन्हें टक्कर मार दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घायलों को तुरंत अस्पताल भिजवाया और पिकअप वाहन को जब्त कर चालक के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक
