राजगढ़, 02 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में पचोर थाना क्षेत्र के ग्राम सुल्तानिया में गुरुवार को पुराने विवाद ने घातक रूप ले लिया, जहां दो पक्ष आमने-सामने आ गए और कुल्हाड़ी व डंडों से हुए हमले में सरपंच सहित पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों ही पक्षों पर प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार ग्राम सुल्तानिया निवासी 40 वर्षीय जितेन्द्र पुत्र गोकुलप्रसाद मालवीय, जो वर्तमान सरपंच हैं,सुबह स्वच्छ भारत अभियान के तहत गांव से कचरा एकत्रित कर मुक्तिधाम के पास नाले के किनारे डालने पहुंचे थे। इसी दौरान गांव के कैलाश नागर और उसका भाई दुर्गाप्रसाद नागर वहां पहुंचे और कथित रूप से जाति को लेकर अपशब्द कहते हुए गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर कैलाश ने कुल्हाड़ी से सिर पर हमला कर दिया, जिससे सरपंच गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्गाप्रसाद ने भी डंडे से मारपीट की। बीचबचाव करने पर सरपंच की मां नौरंगबाई तथा गांव के नीतेष वर्मा पर भी हमला किया गया, जिससे वे भी घायल हो गए। पुलिस ने कैलाश पुत्र सिद्धनाथ नागर और दुर्गाप्रसाद नागर के खिलाफ धारा 296(बी), 115(2), 118(1), 351(3) बीएनएस व एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
सरपंच जितेन्द्र मालवीय ने इस पूरे प्रकरण में राज्यमंत्री गौतम टेटवाल पर भी हमला करवाने का आरोप लगाया है। वहीं दूसरी ओर, कैलाश (52) पुत्र सिद्धनाथ नागर ने प्रतिवाद करते हुए शिकायत दर्ज कराई कि वह श्मशान घाट के पास हटाए गए अतिक्रमण का सामान समेट रहा था, तभी सरपंच जितेन्द्र मालवीय अपने रिश्तेदार नन्दू, राकेश और कालू मालवीय के साथ ट्रैक्टर लेकर पहुंचे और कचरा डालने लगे। मना करने पर कथित रूप से उन्होंने गाली-गलौज की और डंडों से हमला कर दिया, जिससे कैलाश एवं उसके भाई दुर्गाप्रसाद के हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई। पुलिस ने इस पक्ष की शिकायत पर जितेन्द्र मालवीय, राकेश, कल्लू और नन्दू मालवीय के खिलाफ धारा 296(बी), 115(2), 351(3) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है और परिस्थितियों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक
