राजगढ़, 08 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में ब्यावरा-सिरोंज राजमार्ग पर स्थित कोलू भैरु मंदिर के पास बुधवार दोपहर एक तेज रफ्तार अज्ञात ऑटो ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार दंपत्ति घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार ग्राम नेठाठारी निवासी कालूराम वर्मा (35) अपनी पत्नी भगवतीबाई (28) के साथ बाइक से ब्यावरा मंडी अनाज तुलवाने जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ऑटो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। मौके पर भीड़ एकत्रित हो गई और तत्काल सहायता के लिए कॉल किया गया। सूचना पर डायल 112 के एएसआई राकेश शर्मा पहुंचे और घायलों को सिविल अस्पताल ब्यावरा में भर्ती कराया। हादसे के बाद ऑटो चालक मौके से फरार हो गया। थाना प्रभारी वीरेन्द्र धाकड़ ने बताया कि अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि वाहन और आरोपी चालक की पहचान की जा सके। पुलिस टीम मामले की जांच में सक्रिय रूप से जुटी हुई है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक
