राजगढ़, 7 फरवरी (हि.स.)। सुठालिया थाना क्षेत्र के ग्राम खनोटा में शनिवार दोपहर खेत में पानी फेरने के दौरान 48 वर्षीय व्यक्ति विद्युत मोटर चालू करने के दौरान करंट की चपेट में आ गया, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा और मर्ग कायम कर मामले में जांच शुरु की।

पुलिस के अनुसार ग्राम खनोटा निवासी 48 वर्षीय चैनसिंह पुत्र बद्रीलाल सेन खेत में पानी फेरने के लिए गया था। विद्युत मोटर चालू करने के दौरान वह बिजली के तारों की चपेट में आ गया। बेसुध हालत में परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले में जांच शुरु की। वहीं माचलपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पोलखेड़ा में कालीसिंध नदी में डूबने से 27 वर्षीय मांगीलाल पुत्र मोतीलाल माली की मौत हो गई।

परिजनों का कहना है कि वह गंभीर बीमारी से पीड़ित था,जब वह शौंच के लिए नदी के समीप गया तभी उसकी तबीयत बिगड़ी और वह नदी में गिर गया,जिससे गहरे पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा और मर्ग कायम कर मामले में जांच शुरु की।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक
