राजगढ़, 5 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री डाॅ.मोहन यादव की अध्यक्षता में गुरुवार को मध्य प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों के साथ वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक आयोजित की गई। बैठक में जल संरक्षण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई साथ ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। प्रदेश स्तर पर जल गंगा संवर्धन अभियान में राजगढ़ डगवेल रिचार्ज में प्रथम स्थान पर वहीं फार्म पाॅन्ड में द्वितीय स्थान पर रहा।

बैठक में मुख्यमंत्री डाॅ. यादव ने निर्देश दिए कि शासकीय कार्यक्रमों एवं कार्यालयों में प्लास्टिक की बोतलों के उपयोग को हतोत्साहित किया जाए तथा पारंपरिक जल संग्रहण के साधन मटका को प्रोत्साहित किया जाए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और जल संवर्धन के लिए यह एक महत्वपूर्ण पहलू है। बैठक में आगामी जल गंगा संवर्धन कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी कलेक्टरों को सुव्यवस्थित कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। इस योजना में खेत, तालाब, कूप रिचार्ज, रेन वाटर हार्वेस्टिंग जैसे जल संरक्षण के कार्यों को व्यापक स्तर पर शामिल करने पर जोर दिया गया।

सीएम डाॅ.यादव ने संकल्प से समाधान कार्यक्रम की प्रगति की भी समीक्षा की और निर्देश दिए कि इसकी दैनिक आधार पर माॅनिटरिंग सुनिश्चित की जाए ताकि जन समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके। बैठक में बताया गया कि जल संरक्षण कार्यों में राजगढ़ जिले का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा है और प्रदेश के 55 जिलों में राजगढ़ को द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ है।
कलेक्टर डाॅ.गिरीशकुमार मिश्रा ने बताया कि जिले में टोंटी लगाओ अभियान जैसे जनभागीदारी आधारित प्रयासों को बढ़ावा दिया गया, जिससे पानी के अनावश्यक अपव्यय पर नियंत्रण हुआ। उन्होेंने बताया कि प्रभावी जल संरक्षण कार्यों के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में होने वाले पलायन में कमी आई है तथा जिले में भूजल स्तर में भी उल्लेखनीय वृद्वि दर्ज की गई है। इन प्रयासों में जनसहभागिता और प्रशासन की सतत निगरानी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक
