राजगढ़, 07 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ कोतवाली थाना पुलिस टीम ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए ग्राम पंचायत प्रेमपुरा में पदस्थ महिला पटवारी को जान से मारने की धमकी देते हुए शासकीय कार्य में बाधा डालने वाले आरोपित को हिरासत में लिया है।

थाना प्रभारी मंजू मखेनिया ने शनिवार को बताया कि 5 फरवरी को ग्राम पंचायत प्रेमपुरा में पदस्थ महिला पटवारी तहसीलदार राजगढ़ के आदेश के पालन में ग्राम पानसरा में फार्मर रजिस्ट्री का कार्य कर रही थी। इसी दौरान ग्राम पानसरा निवासी जितेन्द्र पुत्र गंगाराम तंवर द्वारा सीएम हेल्पलाइन पर की गई शिकायत के संबंध में चर्चा के लिए महिला पटवारी के द्वारा मोबाइल पर संपर्क किया गया तो आरोपित द्वारा अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए महिला पटवारी को जान से मारने की धमकी दी गई। उक्त धमकी की आडियो रिकाॅर्डिंग शिकायतकर्ता द्वारा प्रस्तुत की गई। पुलिस ने मामले में आरोपित जितेन्द्र पंवार के खिलाफ धारा 132, 351(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया। विवेचना के दौरान वरिष्ठ अफसरों के मार्गदर्शन में गठित टीम ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए आरोपित जितेन्द्र पंवार को हिरासत में लिया। पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपित को अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेजा गया।

—————
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक
