राजगढ़, 07 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के छापीहेड़ा थाना पुलिस ने 18 वर्षीय युवती का घर से अपहरण और उसके साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपित सहित सहयोगी को हिरासत में लिया है। पुलिस ने शनिवार को आरोपितों को अदालत में पेश किया,जहां से उन्हें जेल दाखिल किया गया।

पुलिस के अनुसार, थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली 18 वर्षीय युवती ने बताया कि शुक्रवार की रात उसके परिजन पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने बाहर गांव गए हुए थे। इसी दौरान गांव के सुरेश दांगी और उसके भानेज कालूसिंह दांगी ने दरवाजा खटखटाया, परिजनों के लौटने की शंका पर उसने दरवाजा खोल दिया तभी सुरेश दांगी और उसके भानेज अचानक मुंह दबा दिया। इसके बाद दोनों आरोपित युवती को जबरन बाइक पर बैठाकर गांव से बाहर खेतों की तरफ ले गए, जहां खेत में बनी टापरी में आरोपित सुरेश दांगी ने जबरन उसके साथ गलत काम किया साथ ही आरोपित का भानेज खेत में खड़ा रहा। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपितों के खिलाफ धारा 64(1), 137(2), 87, 70(1) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपितों को हिरासत में लिया। पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपितों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेजा।

—————
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक
