राजगढ़, 9 फरवरी (हि.स.)। शहर ब्यावरा थाना पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण व सीसीटीवी कैमरों की मदद से एक सप्ताह पूर्व हाइवे स्थित वेयरहाउस पर लूट करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को हिरासत में लिया, जबकि दो आरोपित फरार बताए गए है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 58 क्विंटल गेहूं व घटना में प्रयुक्त आयशर ट्रक जब्त किया है।

पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी ने सोमवार को पुलिस नियंत्रण कक्ष में आयोजित प्रेसवार्ता में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 2 फरवरी को वेयरहाउस चैकीदार जसरथ (45)पुत्र अमरचंद मीणा निवासी कांसौरकला ने शिकायत की, बीती रात चार अज्ञात बदमाश वेयरहाउस में आए, जिन्होंने पीछे से कट्टा जैसी वस्तु अड़ाकर बंधक बना लिया। आरोपितों के द्वारा दूसरे चैकीदार हरिसिंह प्रजापति के कमरे में जाकर मोबाइल छीना और दोनों को कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद आरोपितों ने चाकू दिखाकर वेयरहाउस की चाबी छीनी और सरकारी गेहूं की 30 बोरी लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ धारा 309(6) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया। विवेचना के दौरान वरिष्ठ अफसरों के मार्गदर्शन में गठित टीम ने हाइवे पर लगे 500 सीसीटीव्ही. कैमरों के फुटेज व तकनीकी विश्लेषण के आधार पर गिरोह के तीन सदस्यों को हिरासत में लिया, जिनमें फारुख (42)पुत्र अहमद खान निवासी रसूलपुर जिला देवास, कान्हा (30)पुत्र लगजीराम मोंगिया निवासी लेकोड़ा थाना नीलगंगा जिला उज्जैन और अंबाराम (29)पुत्र नागूलाल मालवीय निवासी जूनापानीखेड़ा थाना तराना जिला उज्जैन शामिल है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 58 क्विंटल गेहूं, घटना में प्रयुक्त आइसर वाहन क्रमांक एमपी 09 जीसी 2803, कटर व अन्य उपकरण जब्त किए। प्रकरण में दो आरोपित अभी फरार बताए गए है। आरोपितों के खिलाफ पूर्व में चोरी, लूट सहित अन्य आपराधिक प्रकरण दर्ज है। कार्रवाई के दौरान थानाप्रभारी वीरेन्द्रसिंह धाकड़, एसआई अजय यादव, प्रवीण जाट, अनिल राहोरिया, विवेक शर्मा, जितेन्द्र अजनारे, प्रआर.दीपक यादव, केशव राजपूत, शैलेन्द्रसिंह, संजय बाथम, वीरेन्द्र रावत, आर.राहुल मीणा, राजकुमार, दिनेश किरार सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक
