जयपुर, 06 मार्च (हि.स.)। उपमुख्यमंत्री एवं उच्च शिक्षा मंत्री प्रेमचंद बैरवा ने शुक्रवार को विधानसभा में कहा कि राज्य सरकार जल्द ही भर्तियां निकालकर राजसेस राजकीय महाविद्यालयों में रिक्त पदों को भरेगी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में इन महाविद्यालयों में प्राचार्य के खाली पदों पर राजकीय कॉलेजों के प्राचार्यों को प्रतिनियुक्ति पर लगाने की प्रक्रिया चल रही है और इसके लिए वित्त विभाग से अनुमति भी प्राप्त कर ली गई है।

उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार ने राजसेस योजना के तहत कई महाविद्यालय खोल दिए थे, लेकिन उनके लिए आवश्यक पदों की व्यवस्था नहीं की गई। इसके चलते इन कॉलेजों में शिक्षकों की कमी बनी हुई है। फिलहाल राजसेस महाविद्यालयों में व्याख्याताओं के रिक्त पदों को विद्या संबल योजना के माध्यम से भरा जा रहा है, जबकि सरकारी महाविद्यालयों के प्राचार्यों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
उन्होंने बताया कि नियमित राजकीय महाविद्यालयों में प्राचार्य के रिक्त पदों को राजस्थान लोक सेवा आयोग से चयनित अभ्यर्थियों की उपलब्धता, पदोन्नति और अनुकंपा नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नियमानुसार भरा जाएगा। मंत्री ने कहा कि वर्तमान में वरिष्ठता सूची को लेकर न्यायालय में स्थगन आदेश होने के कारण प्राचार्य पदों पर पदोन्नति नहीं हो सकी है।
विधानसभा में यह जानकारी मंत्री बैरवा ने विधायक दयाराम परमार द्वारा पूछे गए प्रश्न के जवाब में दी। उन्होंने खैरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में स्थित नियमित एवं राजसेस राजकीय महाविद्यालयों में प्राचार्य और व्याख्याताओं के स्वीकृत, कार्यरत और रिक्त पदों का विस्तृत विवरण भी सदन के पटल पर रखा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित
