जोधपुर, 02 फरवरी (हि.स.)। राजीव गांधी कैंसर इंस्टीट्यूट एंड रिसर्च सेंटर (आरजीसीआईआरसी) ने इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) जोधपुर के सहयोग से आईटीआई सर्कल स्थित एक निजी होटल में ऑन्कोलॉजी कंटिन्यूइंग मेडिकल एजुकेशन (सीएमई) कार्यक्रम का आयोजन किया। इस शैक्षणिक कार्यक्रम में पूरे क्षेत्र से चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने भाग लिया, जहां स्तन कैंसर प्रबंधन तथा हेमेटो-ऑन्कोलॉजी में उन्नत कोशिकीय उपचारों से संबंधित समकालीन विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

आरजीसीआईआरसी के वरिष्ठ ऑन्कोलॉजी विशेषज्ञों डॉ. राजीव कुमार तथा डॉ. नरेंद्र अग्रवाल द्वारा प्रस्तुत सत्रों ने कैंसर उपचार में उभरते उपचार दृष्टिकोणों पर ज्ञान-विनिमय का सशक्त मंच प्रदान किया। पहला सत्र डॉ. राजीव कुमार द्वारा प्रस्तुत किया गया, जिसमें उन्होंने स्तन कैंसर में हालिया अद्यतन विषय पर व्याख्यान दिया। इस सत्र में स्तन कैंसर उपचार में बदलती शल्य चिकित्सा रणनीतियों, उपचार पद्धतियों में हो रहे परिवर्तनों तथा विशेष रूप से वंशानुगत स्तन कैंसर में व्यक्तिगत और बहुविषयक देखभाल के बढ़ते महत्व पर प्रकाश डाला गया। दूसरा सत्र कार-टी सेल थेरेपी पर केंद्रित रहा, जिसे डॉ. नरेंद्र अग्रवाल ने प्रस्तुत किया। उन्होंने कार-टी सेल थेरेपी के वैज्ञानिक आधार, इसके वर्तमान उपयोग, चिकित्सीय परिणामों तथा इसके क्रियान्वयन से जुड़ी चुनौतियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश
