कोलकाता, 07 मार्च (हि.स.)। तृणमूल कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा उम्मीदवार राहुल सिन्हा के नामांकन पत्रों की जांच प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग को पत्र लिखकर मामले की जांच की मांग की है।

इस पत्र की प्रतियां शनिवार को पत्रकारों के साथ साझा की गईं। तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया कि राहुल सिन्हा के प्रपत्र 26 के शपथपत्र में वित्तीय घोषणाओं, संपत्तियों, वाहनों, देनदारियों और निवेश से संबंधित जानकारी में “छिपाव, असंगतियां और अधूरी जानकारी” मौजूद है, जिन्हें जांच के दौरान नजरअंदाज कर दिया गया।
भाजपा उम्मीदवार राहुल सिन्हा ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि नामांकन दाखिल करते समय जमा किए गए सभी दस्तावेज पूरी तरह सही हैं। उन्होंने कहा, “तृणमूल कांग्रेस झूठे और कमजोर आधार पर मेरी उम्मीदवारी रद्द कराना चाहती थी, लेकिन रिटर्निंग अधिकारी ने उनकी आपत्तियों को खारिज कर दिया।”
इस संबंध में तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मंत्री अरूप विश्वास ने शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि नामांकन पत्रों की जांच के दौरान पार्टी ने बिस्वजीत (राहुल) सिन्हा के दस्तावेजों में कथित विसंगतियों की ओर ध्यान दिलाया था, लेकिन रिटर्निंग अधिकारी ने इन आपत्तियों को अनदेखा कर दिया।
तृणमूल कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि जांच प्रक्रिया लगभग पूरी होने के बाद छह मार्च को एक संशोधित शपथपत्र प्रस्तुत किया गया, जिसे पहले सत्यापन के लिए उपलब्ध नहीं कराया गया था और न ही सार्वजनिक रूप से जारी किया गया था। पार्टी का आरोप है कि यह कदम “पिछले दरवाजे से जानकारी में संशोधन” करने जैसा है और इससे मतदाताओं के लिए उम्मीदवारों की जानकारी पारदर्शी रूप से उपलब्ध कराने संबंधी सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों की भावना का उल्लंघन होता है।
पत्र में तृणमूल कांग्रेस ने चुनाव आयोग से आग्रह किया है कि इन कथित अनियमितताओं की तुरंत जांच की जाए, नामांकन जांच प्रक्रिया को शून्य घोषित किया जाए और उम्मीदवार के नामांकन की वैधता पर पुनर्विचार किया जाए।
पश्चिम बंगाल से राज्यसभा की पांच सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव 16 मार्च को होने वाले हैं। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि पांच मार्च थी, जबकि नामांकन पत्रों की जांच छह मार्च को हुई।
सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने इन चुनावों के लिए मंत्री बाबुल सुप्रियो, पूर्व पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार, अधिवक्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता मेनका गुरुस्वामी और अभिनेत्री कोयल मल्लिक को उम्मीदवार बनाया है। वहीं भारतीय जनता पार्टी ने शेष एक सीट के लिए पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राहुल सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है।
294 सदस्यीय पश्चिम बंगाल विधानसभा में संख्या बल के आधार पर तृणमूल कांग्रेस के चार सीटें जीतने की संभावना है, जबकि भारतीय जनता पार्टी के खाते में एक सीट जाने की उम्मीद है।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर
