भागलपुर, 13 मार्च (हि.स.)। राज्यस्तरीय रग्बी प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए भागलपुर की ब्वॉयज और गर्ल्स टीम शुक्रवार को नवादा के लिए रवाना हुई।

टीम के रवाना होने के दौरान खिलाड़ियों में उत्साह का माहौल देखा गया। इस मौके पर समाजसेवी विजय कुमार यादव ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए बेहतर प्रदर्शन करने की कामना की।
उन्होंने खिलाड़ियों को भरोसा दिलाया कि खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए वे हर संभव सहयोग करेंगे। वहीं भागलपुर रग्बी टीम के कोच कुणाल कर्ण ने समाजसेवी विजय कुमार यादव और सुबीर मुखर्जी को माला पहनाकर और अंगवस्त्र देकर उनका स्वागत किया। बताया गया कि 14 से 16 मार्च तक नवादा में तीन दिवसीय राज्यस्तरीय रग्बी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता के प्रदर्शन के आधार पर बिहार की राज्य टीम का चयन भी किया जाएगा।
प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए भागलपुर से बॉयज़ और गर्ल्स मिलाकर कुल 24 खिलाड़ी नवादा के लिए रवाना हुए हैं। इनके साथ दो कोच और दो मैनेजर भी गए हैं। इस दौरान भागलपुर रग्बी टीम के कोच कुणाल कर्ण, मैनेजर संदीप कुमार, कोच प्रतीक राज, रोनित राज समेत बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर
