दरभंगा, 28 जनवरी (हि.स.)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दरभंगा के नागेन्द्र झा स्टेडियम में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में सरकार की विकास नीतियों और आगामी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार का मूल उद्देश्य है कि हर व्यक्ति को सम्मानजनक जीवन और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, बिजली और बुनियादी ढांचे को सरकार ने शुरू से ही प्राथमिकता दी है। राज्य में बड़े पैमाने पर सड़कों और पुल-पुलियों का निर्माण कराया गया है। उन्होंने बताया कि पहले बहुत सस्ती दर पर बिजली दी गई और अब लगभग सभी घरेलू उपभोक्ताओं को मुफ्त बिजली उपलब्ध कराई जा रही है।

नीतीश कुमार ने कहा कि सात निश्चय-2 के तहत युवाओं को 10 लाख नौकरी और 10 लाख रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया था, जिसके तहत अब तक 10 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी और 40 लाख लोगों को रोजगार दिया जा चुका है। उन्होंने कहा कि अगले पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2025 से 2030 के बीच बिहार में विकास कार्यों को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 2005 से अब तक के चारों कार्यकालों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, कृषि और महिला सशक्तीकरण सहित सभी क्षेत्रों में व्यापक कार्य हुए हैं। इसके लिए सात निश्चय-3 का गठन किया गया है, जिसके तहत राज्य की प्रति व्यक्ति आय को दोगुना करने का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के अंतर्गत महिलाओं को 10 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है, जबकि बेहतर रोजगार करने वाली महिलाओं को 2 लाख रुपये तक की सहायता दी जाएगी। युवाओं के लिए नया युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग भी गठित किया गया है।
दरभंगा जिले के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां महिला आईटीआई सहित सभी अनुमंडलों में आईटीआई की स्थापना की गई है। दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल को 2500 बेड का बनाया जा रहा है और बिहार के दूसरे एम्स की स्थापना भी दरभंगा में की जा रही है। इसके अलावा कुशेश्वरस्थान–फुलतोड़ा घाट पथ एवं पुल, दरभंगा–समस्तीपुर पथ का निर्माण कराया गया है। वर्ष 2020 से दरभंगा एयरपोर्ट से हवाई सेवा शुरू की गई है, जिसका अब विस्तार किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर बताया कि दरभंगा मेडिकल कॉलेज से हाईवे तक एलिवेटेड रोड, शोभन बाइपास का फोरलेन चौड़ीकरण, बाबा कुशेश्वरस्थान का विकास एवं सौंदर्यीकरण तथा कुशेश्वरस्थान बाइपास का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
उन्होंने कहा कि सात निश्चय-3 के तहत 2025 से 2030 के बीच दरभंगा जिले में कई नई योजनाएं लागू की जाएंगी। डेयरी विकास के लिए जिले के 1,269 गांवों में दुग्ध उत्पादन समितियों का गठन और सभी 329 पंचायतों में सुधा दूध बिक्री केंद्र खोले जाएंगे। इसके अलावा सभी 18 प्रखंडों में आदर्श विद्यालय और डिग्री कॉलेज, 18 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को विशिष्ट अस्पताल तथा दरभंगा सदर अस्पताल को अति विशिष्ट अस्पताल के रूप में विकसित किया जाएगा।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सह सांसद संजय कुमार झा, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक संजय सरावगी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।————-
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी
