आसनसोल, 02 फ़रवरी (हि. स.)। सोमवार को रानीगंज थाना क्षेत्र के निमचा इलाके में भाजपा विधायक अग्निमित्रा पाल को स्थानीय लोगों के तीखे विरोध का सामना करना पड़ा।

मिली जानकारी के अनुसार, विधायक पाड़ा-पाड़ा दीदी-भाई कार्यक्रम के तहत आम लोगों से संपर्क करने निमचा मंडल चार इलाके में पहुंची थीं। इस दौरान कई स्थानीय निवासियों ने उनके पिछले पांच वर्षों के विधायक कार्यकाल को लेकर सवाल उठाने शुरू कर दिए।
लोगों का आरोप था कि विधायक ने इन पांच वर्षों में निमचा इलाके में कितने विकास कार्य किया है। इसका कोई हिसाब नहीं है। आरोप लगाया गया कि विधायक निधि से भी इलाके में कोई ठोस विकास कार्य नहीं हुआ, जिससे आम लोग खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं। धीरे-धीरे इलाके में भीड़ बढ़ती गई और विधायक को घेरकर ‘गो बैक’ के नारे लगाए जाने लगे, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। जवाब में मौके पर मौजूद भाजपा समर्थकों ने भी तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग किया और हालात को नियंत्रित किया। इसके बाद धीरे-धीरे इलाके में शांति बहाल हुई।
इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा विधायक अग्निमित्रा पाल ने कहा कि वे निमचा इलाके में आम लोगों से बात करने गई थीं, लेकिन तृणमूल कांग्रेस के गुंडों ने उन्हें देखते ही नारेबाजी शुरू कर दी। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस अगर यह सोचती है कि इस तरह उन्हें रोका जा सकता है, तो यह उनकी गलतफहमी है। उनका दावा है कि इस बार राज्य में बदलाव जरूर आएगा।
आसनसोल साउथ ब्लाक ग्रामीण तृणमूल कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष देवनारायण दास ने कहा कि एक विधायक से इस तरह का व्यवहार जनता की नाराजगी को दर्शाता है। उनका आरोप है कि विधायक बनने के बाद पांच वर्षों में इलाके में कोई विकास कार्य नहीं हुआ। उन्होंने दावा किया कि इस बार इस क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस का विधायक जीतकर आएगा और क्षेत्र का समग्र विकास होगा। —————
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा
