खूंटी, 20 मार्च (हि.स.)। आगामी रामनवमी और सरहुल पर्व को लेकर विधि-व्यवस्था सुदृढ़ करने और शोभायात्राओं के सुचारु संचालन के लिए जिला प्रशासन और नगर पंचायत की ओर से शुक्रवार को शहर में व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।

अभियान का नेतृत्व अनुमंडल पदाधिकारी दीपेश कुमारी ने किया, जबकि डीसीएलआर अरविंद कुमार ओझा, एसडीपीओ वरुण रजक, नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी सृष्टि दीप्रिया मिंज, अंचलाधिकारी प्रदीप कुमार एवं थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
अभियान के दौरान नेताजी चौक और उससे सटे कर्रा रोड क्षेत्र में सड़कों के किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। कई दुकानों के बाहर निकले शेडों और सड़क पर रखे सामानों को हटवाया गया। इसके साथ ही रामनवमी शोभायात्रा को ध्यान में रखते हुए सड़क किनारे जमा बालू और ईंटों को भी हटाने का निर्देश दिया गया, ताकि आवागमन में किसी प्रकार की बाधा न हो। इस दौरान यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी सख्ती बरती गई।
इस दौरान बड़ी संख्या में सड़क किनारे जहां-तहां खड़े वाहनों का चालान काटा गया और बिना हेलमेट चलने वाले दोपहिया चालकों पर भी कार्रवाई की गई।
हालांकि, कुछ वाहन मालिकों ने प्रशासन की इस कार्रवाई पर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि वे कुछ ही मिनटों के लिए सामान खरीदने दुकान गए थे, लेकिन उनकी गाड़ियों का चालान कर दिया गया। लोगों ने शहर में पर्याप्त पार्किंग सुविधा के अभाव का मुद्दा उठाते हुए कहा कि ऐसी स्थिति में आमजन को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आगामी पर्वों को देखते हुए इस प्रकार के अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा
