पलामू, 23 मार्च (हि.स.)। रामनवमी पर्व को लेकर सोमवार को जुलूस वाले रूट पर मेदिनीनगर में सदर एसडीओ सुलोचना मीणा के नेतृत्व में फ्लैग मार्च किया गया। शहर थाना से हॉस्पीटल चौक, कनीराम चौक से लालकोठा तेलीपट्टी, मुस्लिमनगर, शिवालरोड, नावाटोली, कुंजड़ापट्टी बेलवाटीकर से सद्वीक चौक होते हुए पुनः थाना आकर समाप्त हुआ। एसडीओ के साथ शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार, टीओपी के प्रभारी एवं बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी शामिल थे।

फ्लैग मार्च करते हुए सदर एसडीओ ने पूरी व्यवस्था को देखा। उन्होंने कहा कि आगामी रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक एवं सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पर्व को लेकर सुरक्षा व्यवस्था दिन-प्रतिदिन और अधिक सशक्त की जा रही है। इसी क्रम में फ्लैग मार्च किया गया।
इधर, जिले के सभी थाना क्षेत्रों में आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए ड्रोन की तैनाती की गई है। प्रत्येक थाना क्षेत्र में दो-दो ड्रोन लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से भीड़-भाड़ वाले स्थानों, जुलूस मार्गों एवं संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। ड्रोन कैमरों के जरिए किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पर त्वरित नजर रखते हुए तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
प्रत्येक निर्धारित रूट पर पुलिस बल द्वारा नियमित रूप से फ्लैग मार्च एवं पैदल गश्ती की जा रही है, ताकि आमजन में सुरक्षा का विश्वास बना रहे और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम 112 को दें।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार
