रायपुर,10 फ़रवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में आज मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग, छत्तीसगढ़ शासन एवं सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (एसटीपीआई) के मध्य एक महत्वपूर्ण एमओयू होगा।

इस समझौते के तहत राज्य में सेंटर ऑफ एंटरप्रेन्योरशिप (सीओई) तथा इलेक्ट्रॉनिक्स सिस्टम डिजाइन एंड डेवलपमेंट (ईएसडीडी) सेंटर की स्थापना हेतु एसटीपीआई द्वारा तकनीकी एवं संस्थागत सहयोग प्रदान किया जाएगा।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार ने विकास की नई दिशा अपनाते हुए आधुनिक अधोसंरचना, पारदर्शी एवं प्रभावी ई-गवर्नेंस प्रणाली तथा निवेश-हितैषी नीतिगत ढांचे के माध्यम से एक अनुकूल औद्योगिक वातावरण का निर्माण किया है। राज्य शासन का निरंतर प्रयास है कि छत्तीसगढ़ को एक विश्वसनीय एवं आकर्षक निवेश गंतव्य के रूप में स्थापित करते हुए आईटी, आईटीईएस एवं इमरजिंग टेक्नोलॉजी आधारित उद्यमों को प्रोत्साहित किया जाए।
समझौता ज्ञापन के अनुसार स्थापित किए जाने वाले सेंटर ऑफ एंटरप्रेन्योरशिप (सीओईएस) के माध्यम से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, वन एवं औषधीय उत्पाद आधारित मेडटेक, स्मार्ट सिटी समाधान तथा स्मार्ट कृषि में नवाचार, स्टार्ट-अप एवं उद्यमिता को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके साथ ही एक अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक्स सिस्टम डिजाइन एंड डेवलपमेंट (ईएसडीडी) सेंटर की स्थापना की जाएगी, जो प्रति वर्ष लगभग 30 से 40 हार्डवेयर स्टार्ट-अप एवं एमएसएमई को प्रोडक्ट डिजाइन, प्रोटोटाइपिंग, कौशल विकास एवं क्षमता निर्माण की समग्र सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल
