रायपुर, 4 अप्रैल (हि.स.)। पिंक पेट्रोल यूनिट, मध्य जोन की टीम आज शनिवार को मेकाहारा हॉस्पिटल के पास नियमित पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान हॉस्पिटल के सामने स्थित ऑटो स्टैंड के पास लगभग 3 वर्ष का एक बालक रोते हुए मिला, जो अपनी मां से बिछड़ गया था। पिंक पेट्रोल टीम द्वारा तत्काल मानवीय संवेदनशीलता एवं सतर्कता का परिचय देते हुए आसपास के लोगों से पूछताछ की गई। स्थानीय ऑटो चालकों द्वारा बताया गया कि, बच्चा काफी समय से रो रहा है एवं अपनी मां को ढूंढ रहा है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए टीम द्वारा तत्काल आसपास के लोगों से बच्चे के परिजन के बारे में पूछताछ की गई और मेकाहारा हॉस्पिटल चौकी एवं थाना मौहदापारा को अज्ञात बालक मिलने की सूचना दी गई तथा बच्चे के परिजनों की तलाश प्रारंभ की गई। कुछ समय पश्चात बच्चे की मां अस्पताल से बाहर आई, जिसे जानकारी मिली कि उसका बच्चा पुलिस टीम के संरक्षण में सुरक्षित है। मां द्वारा बताया गया कि, वह अपने बच्चे को बाहर छोड़कर अस्पताल में फिजियोथैरेपी हेतु पंजीयन कराने गई थी, जिसके दौरान विलंब होने से बच्चा परेशान होकर रोने लगा।
पुलिस टीम द्वारा आवश्यक पूछताछ एवं आधार कार्ड के माध्यम से पहचान सत्यापन उपरांत बच्चे को उसकी मां के सुपुर्द किया गया। मां एवं बच्चे दोनों ने एक-दूसरे को देखकर खुशी व्यक्त की तथा बच्चे की मां द्वारा पिंक पेट्रोल टीम का आभार व्यक्त किया गया। पिंक पेट्रोल यूनिट की त्वरित एवं संवेदनशील कार्यवाही के परिणामस्वरूप बच्चा सुरक्षित अपनी मां तक पहुंच सका। यह घटना रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की जनसेवा एवं सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर
